मंझौल में दिल दहला देने वाली वारदात, आम की गाछी में मिला 37 वर्षीय युवक का शव, पूरे इलाके में दहशत।
पहली पत्नी से 4 बच्चे, 6 महीने से दूसरी महिला के साथ रह रहा था गोपाल
सदा टोला एंगल से उलझी गुत्थी, मंझौल पुलिस ने एक महिला को लिया हिरासत में
संवाददाता मंझौल
मंझौल/चेरियाबरियारपुर. शनिवार की सुबह जब मंझौल पंचायत-1 के वार्ड नंबर-2 के लोग अपने घरों से निकले तो उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि दिन की शुरुआत एक ऐसी खौफनाक खबर से होगी. घर के ठीक बगल में स्थित आम-लीची की गाछी में एक युवक का शव औंधे मुंह पड़ा था. देखते ही देखते खबर आग की तरह मंझौल बाजार से लेकर पूरे इलाके तक फैल गई. और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. वहीं गाछी से बरामद शव की पहचान होते ही परिजनों में मचा कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों और परिजनों ने शव की पहचान मंझौल-01, गजवोर टोला निवासी दुखहरन पासवान के 37 वर्षीय पुत्र गोपाल पासवान के रूप में की. पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पत्नी, बच्चे और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. बताया जाता है कि गोपाल पासवान मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. पहली पत्नी से 4 बच्चे हैं. इस घटना के पीछे एक पारिवारिक और प्रेम-प्रसंग की कहानी भी सामने आ रही है, जिसने पुलिस की जांच को और उलझा दिया है. परिजनों के अनुसार गोपाल पासवान की पहली शादी कई साल पहले हुई थी. और उससे उसके चार छोटे-छोटे बच्चे भी हैं. लेकिन पिछले करीब छह महीने से वह अपनी पहली पत्नी और बच्चों को छोड़कर पड़ोस के ही सदा टोला में एक महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था. परिजनों का कहना है कि इसी दूसरी महिला के साथ रहने को लेकर लगातार विवाद हो रहा था. सदा टोला के कुछ लोगों को यह रिश्ता नागवार गुजर रहा था.
परिजनों का फूटा गुस्सा बोले हत्या कर फेंका गया शव
मृतक के भाई और पिता ने पुलिस के सामने रोते हुए आरोप लगाया गोपाल की हत्या की गई है. यह आत्महत्या नहीं हो सकती. उसे मारकर हमारे घर के बगल की गाछी में लाकर फेंक दिया गया ताकि मामला आत्महत्या का लगे. अगर उसे कुछ होना होता तो वह अपने डेरे पर होता, यहां गाछी में कैसे आता ?परिजनों ने सीधे तौर पर सदा टोला की उस महिला के परिजनों और टोले के कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि शव पर भी चोट के निशान हैं. हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो पाएगी.
सुचना मिलते ही पुलिस दिखी एक्शन मोड में
सूचना मिलते ही मंझौल थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई. थानाध्यक्ष के साथ-साथ एसडीपीओ मंझौल अमरकांत खुद घटनास्थल पर पहुंचे. तथा आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की गई. एसडीपीओ अमरकांत ने कहा प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है. परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं. हम सभी एंगल से जांच कर रहे हैं. चाहे वह प्रेम-प्रसंग हो, आपसी रंजिश हो या कुछ और, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
एक महिला हिरासत में, रातों-रात पोस्टमार्टम
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को हिरासत में लिया है. जिससे थाने में गहन पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि यह वही महिला है जिसके साथ मृतक रह रहा था. सबूतों के साथ छेड़छाड़ न हो, इसलिए पुलिस ने शनिवार की रात में ही शव को सदर अस्पताल, बेगूसराय पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस घटना के बाद पूरे मंझौल-गजवोर-सदा टोला इलाके में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों के मन में कई सवाल हैं .क्या यह वाकई प्रेम-प्रसंग में हत्या है ? क्या पहली पत्नी से विवाद के कारण यह घटना हुई ? शव को घर के पास ही क्यों फेंका गया क्या यह चुनौती थी ? फिलहाल मंझौल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह राज खुलेगा. कि गोपाल की मौत कैसे हुई - हत्या या कुछ और ?



