कोरजाना सहित विभिन्न विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन, शत-प्रतिशत उपस्थिति पर जोर
नवपदस्थापित प्रधानाध्यापक की अध्यक्षता में हुई बैठक, मुखिया रमेश सिंह ने किया विद्यालय का निरीक्षण
संवाददाता मंझौल
चेरियाबरियारपुर. शिक्षा विभाग के आदेश के आलोक में शनिवार को प्रखंड के विभिन्न प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना था. इसी क्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोरजाना में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया. संगोष्ठी की अध्यक्षता विद्यालय के नवपदस्थापित प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार ने की. उक्त संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के प्रदेश महासचिव रमेश सिंह ने भाग लिया. मुखिया ने पूरे विद्यालय परिसर का गहन निरीक्षण किया. और शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान मुखिया ने बारी-बारी से प्रधानाध्यापक, सभी पदस्थापित शिक्षकों, रसोइयों और उपस्थित अभिभावकों से विद्यालय की वर्तमान स्थिति, पठन-पाठन और मध्याह्न भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
गुटबाजी पर मुखिया ने लगाई फटकार, दिया एकजुटता का संदेश
निरीक्षण के दौरान शिक्षकों के बीच सामने आई आपसी गुटबंदी की बात पर मुखिया रमेश सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने सभी शिक्षकों को फटकार लगाते हुए सख्त हिदायत दी. उन्होंने कहा आप सभी राष्ट्र निर्माता हैं. विद्यालय के बच्चे आपकी हर एक गतिविधि का अनुकरण करते हैं. इसलिए आपसी मनमुटाव और गुटबाजी को भूलकर प्रेम, एकता और सद्भावना के साथ विद्यालय चलाएं. बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें, ताकि आपका विद्यालय पूरे प्रखंड के लिए एक मिसाल बन सके. और दूसरे विद्यालय आपसे प्रेरणा ले सकें. मुखिया के इस संदेश के बाद सभी शिक्षकों ने एकजुट होकर विद्यालय के विकास में सहयोग करने का संकल्प लिया.
शिक्षकों ने रखी समस्याएं, मुखिया ने दिया सहयोग का भरोसा
मौके पर शिक्षकों ने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं से भी मुखिया को अवगत कराया. जिस पर मुखिया रमेश सिंह ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे रोजाना अपने बच्चों को विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई पर ध्यान दें. तत्पश्चात मुखिया ने सभी शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक विजय कुमार, पूर्व प्रधानाध्यापक हरेराम कुमार, शिक्षिका अनुपमा कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.



