तेघड़ा- मुबारकपुर पथ की चौड़ीकरण के कार्य का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री नीतीश कमार ने बेगूसराय में प्रगति यात्रा के दौरान तेघड़ा अनुमंडल के लिये सबसे महत्वपूर्ण तेघड़ा- मुबारकपुर पथ का चौड़ीकरण करने की घोषणा एवं शिलान्यास किया। इससे लोगों में हर्ष है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब चंद दिनों में तेघड़ा से अतरूआ, बनवारीपुर, मोख्यतियारपुर, कदराबाद, मंसूरचक जाने में लोगों को सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि लगभग तीन दशक से अधिक समय से लोगों द्वारा इस सड़क की चौड़ीकरण की मांग की जाती रही है। तेघड़ा एनएच 28 से अतरूआ तक लगभग सात किलोमीटर की सड़क से प्रतिदिन हजारों लोग वाहनों, साइकिल व पैदल यात्रा करते हें। सड़क की चौड़ाई कम रहने से प्राय: इस मार्ग में यात्री दुर्घटना के शिकार होते हें। तेघड़ा विकास संघर्ष समिति के मांगों में इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की भी मांग शामिल थी। इसके लिये लगातार आन्दोलन और प्रदर्शन भी करते रहे हें। बछवाड़ा विधायक सह बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता ने भी सड़क की चौड़ाई बढ़ाने को लेकर विधानसभा में मांग को रखा था। तेघड़ा विकास संघर्ष समिति के संयोजक शशिभूषण भारद्वाज ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार जताते हुये कहा कि सड़क की चौड़ाई बढ़ाये जाने से स्कूल कॉलेज जाने वाले छात्रों के साथ अनुमंडल आने वाले लोगों और अन्य लोगों की सुविधा बढ़ जायेगी। तेघड़ा व्यवसायिक संघ के सुरेश रौशन ने बताया कि सड़क की चौड़ाई बढ़ने से तेघड़ा सहित सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार को बढ़ावा मिलेगी। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष तारकेश्वर प्रसाद सिंह, संरक्षक डॉक्टर सच्चिदानंद पाठक एवं अवकाश प्राप्त डीएसपी सुनील कुमार, सचिव पवन कुमार ठाकुर, कार्यकारी सचिव अशोक कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष रंजीत कुंवर, सक्रिय मेंबर विधान परिषद प्रतिनिधि विनोद कुमार मिश्रा, रणधीर मिश्रा, डॉक्टर उग्र नारायण पंडित, सरोज पासवान, कौशल किशोर आदि ने मुख्यमंत्री और खेल मंत्री को बधाई दी है।









