तेघड़ा में हमारा शौचालय हमारा सम्मान अभियान के तहत शिविर आयोजित
तेघड़ा में विश्व शौचालय दिवस पखवाड़ा के तहत'हमारा शौचालय-हमारा सम्मान' अभियान कार्यक्रम 9 दिसंबर सोमवार को प्रखंड मुख्यालय के प्रांगण में आयोजित किया गया। जिसका उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर पूजा कुमारी एवं जिला कोऑर्डिनेटर विश्वजीत कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया । एसडीओ श्री कुमार ने व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालयों की सुलभता, मरम्मत, और रखरखाव तथा सौंदर्यीकरण पर बल प्रदान करने को लेकर शिविर का आयोजन किया गया है । इसके तहत समुदाय को अपने शौचालय को स्वच्छ बनाते हुए आकर्षक तरीके से चित्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि हमारा शौचालय हमारा सम्मानअंतर्गत शौचालय की उपलब्धता, उपयोग, सफाई, मरम्मत, रखरखाव, सौंदर्यीकरण आदि के लिए जिला, प्रखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य प्रबंधक सुबीर कुमार पंकज एवं डॉ संजय कुमार के द्वारा हेल्थ जांच, एवं 70 वर्ष से अधिक उम्र के दर्जनों वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनाया ,जीविका के प्रखंड प्रबंधक बिरजू कुमार के नेतृत्व में द्वारा जीविका दीदी द्वारा किए जा रहे कार्यों का प्रदर्शन किया गया, शिक्षा विभाग के बीपीएम शशि रोशन प्रसाद व शमशेर आलम के नेतृत्व में शिक्षा विभाग के विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारियां दी गई। बाल विकास परियोजना के प्रखंड कोऑर्डिनेटर मोहम्मद एमरोज एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं सेविका द्वारा एनीमिया मुक्त अभियान के तहत विभिन्न तरह के पोषण स्टॉल का आयोजन कर लाभार्थियों को जागरूक किया गया, लोहिया स्वच्छ बिहार मिशन के कोऑर्डिनेटर नितेश कुमार एवं स्वच्छता कर्मियों के नेतृत्व में शौचालय की उपयोगिता एवं रखरखाव पर फोकस के साथ ही वंचित परिवारों का आवेदन संग्रह करवाया गया, ग्रामीण आवास विभाग के तहत आवास से वंचित लाभुकों का आवेदन का संग्रह किया गया। इस समारोह के उपरांत संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्य योजना के तहत विभिन्न तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए सामुदायिक परिचर्चा, जीविका आधारित जन-जागरूकता गतिविधियां, स्कूल कॉलेज आधारित गतिविधियां, संध्या चौपाल इत्यादि का आयोजन किया जायेगा। अभियान अंतर्गत विभिन्न प्रकार के प्रतियोगिताओं का आयोजन कर समुदाय को जागरूक किया जाएगा। बीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि बहुत जल्द प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़ने का कार्य शुरू होने वाला है। इसमें आम लोग प्रखंड कार्यालय में आवेदन देकर और आवास सहायक से संपर्क कर अपना नाम जुड़वा सकते हें। अगर नाम जोड़ने में किसी प्रकार की परेशानी होगी तो वैसे व्यक्ति स्वयं प्रखंड कार्यालय से संपर्क कर सकते हें। मौके पर वार रूम कर्मी राम प्रवेश, पंचायत स्वच्छता पर्यवेक्षक हरिवंश प्रसाद सिंह, आवास पर्यवेक्षक राजीव कुमार ,निरंजन कुमार के अलावे विभिन्न विभाग के कर्मी मौजूद थे


