युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में गृह मंत्री अमित शाह का किया पुतला दहन।
राहुल गांधी को धक्का देना और उनके साथ अभद्र व्यवहार करना अत्यंत शर्मनाक: राहुल कुमार
आर एम न्यूज़ मीडिया संवाददाता अशोक कुमार ठाकुर की खास रिपोर्ट
बेगूसराय युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को जिला मुख्यालय बीजेपी कार्यालय के समक्ष केंद्र सरकार के गृह मंत्री अमित शाह एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इससे पूर्व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता जिला कार्यालय पर इकट्ठा होकर हाथों में कांग्रेस पार्टी का झंडा लेकर नारेबाजी करते हुए बीजेपी कार्यालय के समक्ष पहुंचे। यहां पर कांग्रेसियों ने अमित शाह की इस्तीफे को लेकर जमकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राहुल कुमार ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार अब हत्यारी और संविधान विरोधी बन चुकी है। उन्होंने विशेष रूप से गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के बारे में की गई विवादित टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि गृह मंत्री ने सदन में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पर अभद्र टिप्पणी की, जो बेहद शर्मनाक है। मोदी सरकार को चाहिए कि वे अमित शाह को सत्ता से बाहर करें और वे सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि जब संसद में राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेताओं ने आवाज उठाई तो सत्ताधारी पक्ष ने हमला कर दिया, जिसमें कई सांसद गंभीर रूप से घायल हो गए। इसका खामियाजा आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर विपक्ष को दबाने की साजिश करने का आरोप लगाया और कहा कि राहुल गांधी को धक्का देना और उनके साथ अभद्र व्यवहार करना अत्यंत शर्मनाक है। यूथ कांग्रेस के आदित्य कुमार ने कहा कि यूथ कांग्रेस बाबा साहेब का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। इस मौके पर मनीष कुमार, गोलू कुमार, हिमांशु कुमार, अशोक कुमार, समीर कुमार मिश्रा, मकसूद आलम, मोहम्मद मुन्ना, मनोज कुमार राय के अलावे बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे


