बरौनी रिफाइनरी में सुरक्षा सप्ताह 2024 के अंतर्गत सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
बरौनी रिफाइनरी में 13 से 19 दिसम्बर 2024 के दौरान मनाए जा रहे सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। प्रदर्शनी का उद्घाटन बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्य प्रकाश ने किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) डॉ प्रशांत राऊत, महाप्रबंधकगण, श्री नवीन कुमार (डीसी, सीआईएसएफ), आईओओए एवं बीटीएमयू के प्रतिनिधि, अन्य विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और सीआईएसएफ के जवान उपस्थित रहे। सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी सीआईएसएफ यूनिट आई.ओ.सी. बरौनी द्वारा आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न आधुनिक हथियारों और सुरक्षा गैजेट्स को प्रदर्शित किया गया। इसमें इंसास, असॉल्ट राइफल, कार्बाइन, पिस्तौल और नाइट विजन डिवाइस जैसे सुरक्षा बलों द्वारा उपयोग किए जाने वाले उपकरणों को शामिल किया गया। इसके अतिरिक्त, बम सूट, बम सर्कल, बम कंबल, ईवीडी, आरटीवीएस, एनएलजेडडी, डीएसएमडी, केबल वायर लोकेटर और एसकेएम जैसे बम पहचान और निष्क्रिय करने वाले उपकरणों को भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनाया गया। यह प्रदर्शनी कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के लिए सुरक्षा से संबंधित आधुनिक तकनीकों को समझने का एक अनूठा अवसर थी। श्री सत्य प्रकाश जी ने प्रदर्शनी में रखे गए उपकरणों का अवलोकन किया और उनकी विशेषताओं को विस्तार से समझा। उन्होंने सीआईएसएफ और मानव संसाधन (सुरक्षा) विभाग के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर श्वान दस्ते की ओर से एक लाइव प्रदर्शन भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षित श्वान जगुआर ने छिपी हुई वस्तु को सफलतापूर्वक खोजकर अपनी कुशलता का परिचय दिया। इस प्रदर्शन ने उपस्थित जनसमूह को सुरक्षा बलों की कार्यक्षमता और दक्षता से अवगत कराया। इसके अतिरिक्त, 15 दिसम्बर 2024 को बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप के कल्याण केंद्र में एक विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कर्मचारियों की गृहिणियों के लिए विशेष रूप से आयोजित किया गया था, , जिससे समुदाय में साइबर सुरक्षा के महत्व को उजागर किया जा सके। इस सत्र का नेतृत्व मुख्य प्रबंधक (सूचना प्रणाली) श्री सुमित कुमार ने किया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) श्री शिव शंकर सिंह और उनकी टीम भी उपस्थित थी।
कार्यक्रम के दौरान, गृहिणियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। उन्हें साइबर खतरों की प्रकृति, उनके प्रभाव और उनसे बचने के तरीकों की जानकारी दी गई। व्यक्तिगत और संवेदनशील जानकारी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपयोगी रणनीतियाँ साझा की गईं। इसके साथ ही, परिवारों में सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार को प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता फैलाई गई। फिशिंग और धोखाधड़ी गतिविधियों की पहचान करने और उनसे बचने के लिए उपयोगी टिप्स भी दिए गए। सत्र के बाद, ऑन-द-स्पॉट क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, इस प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों के बीच साइबर सुरक्षा जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद की। गृहिणियों ने इस कार्यक्रम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे परिवारों में डिजिटल साक्षरता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम बताया। बरौनी रिफाइनरी में आयोजित सुरक्षा सप्ताह के इन कार्यक्रमों ने न केवल रिफाइनरी कर्मचारियों बल्कि उनके परिवारों के बीच भी सुरक्षा के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया। इस आयोजन को सभी हितधारकों द्वारा सराहा गया और यह सुरक्षा जागरूकता अभियान के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए संपन्न हुआ।



