चिल्हाय में पंचायत स्तरीय पोषण मेला सह जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित
तेघड़ा से आरएम न्यूज़ संवाददाता अशोक कुमार ठाकुर की खास रिपोर्ट
तेघड़ा /बेगूसराय बच्चों के सर्वांगीण विकास में कुपोषण एक जटिल समस्या है इसे परिवार और समाज से दूर करने हेतु जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन अति आवश्यक है। प्रखंड अंतर्गत चिल्हाय पंचायत में 21 सितंबर शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के तहत पंचायत स्तरीय पोषण मेला सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पोषण मेला का विधिवत उद्घाटन प्रखंड प्रमुख नरेश पासवान, सीडीपीओ प्रतिमा आचार्य , मुखिया अरविंद कुमार एवं पंचायत समिति सदस्य संजीव कुमार शंकर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। पोषण मेला में स्थानीय खाद्य सामग्री से बने हुए व्यंजन की प्रदर्शनी, स्थानीय औषधि युक्त वनस्पति की जानकारी दी गई। स्थानीय मसाला जड़ी बूटी के माध्यम से कैसे एनीमिया एवं कुपोषण को कम किया जा सकता है के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पर्यावरण संरक्षण हेतु एक पेड़ लगाने के महत्व की जानकारी दी गई। रंगोली के माध्यम से संतुलित भोजन के विभिन्न आयामों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिला का गोद भराई करवा कर गर्भवती के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, संस्थागत प्रसव एवं प्रसव पूर्व तैयारी के संबंध में जानकारी दी गई। अन्नप्राशन कार्यक्रम के माध्यम से 6 माह तक सिर्फ मां का दूध एवं 6 माह के उपरांत ऊपरी आहार के महत्व को बताया गया। कार्यक्रम के उपरांत जागरूकता रैली निकाली गई जो पंचायत के विभिन्न मोहल्ले में लोगों को जागरूक किया गया। सीडीपीओ प्रतिमा आचार्य द्वारा बच्चों को कैसी आहार देनी चाहिए इसकी विस्तार से जानकारी देते हुए जो कुपोषित बच्चे आंगनबाड़ी केंद्रों में नहीं आते हें ।उनके घर तक कैसे पहुंच बने उनके परिवार में परामर्श कैसे देना चाहिए आदि सभी जानकारी विस्तार से दी गई , स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया ताकि बाजार से खरीद कर लाने वाले सब्जियों से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके। साथ ही सीडीपीओ द्वारा बताया गया कि मोटे अनाज को प्राथमिकता देते हुए आहार में शामिल करने के महत्व पर चर्चा की गई और 100% गर्भवती महिलाएं नियमित रूप से पोषण आहार से सुरक्षित करने को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सभी महिला सुपरवाइजर को निर्देश दिया गया उक्त जागरूकता कार्यक्रम में प्रखंड कोऑर्डिनेटर मोहम्मद एमरोज , पीरामल फाउंडेशन के अर्पित पाल, महिला पर्यवेक्षिका डेजी गांधी एवं रश्मि कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका उषा कुमारी, कुमारी नूतन राय, बबीता कुमारी, सुनीता कुमारी,अंजू कुमारी ,मंजू कुमारी, शकुंतला देवी एवं अनिता कुमारी आदि शामिल हुए



