स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा स्थापित नवजीवन वासुदेव पुस्तकालय का 86 वां स्थापना दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान
तेघड़ा अनुमंडल इलाके के शैक्षणिक धरोहर आजादी के पूर्व स्थापित नवजीवन वासुदेव पुस्तकालय के 86वां वार्षिक महोत्सव के उपलक्ष में गांव की बहू बनी डीएसपी पिंकी कुमारी,क्षेत्र के सैकड़ो प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं, बीपीएससी के शिक्षकों, स्वतंत्रता सेनानी के आश्रितों के अलावे विभिन्न प्रभावशाली व्यक्तियों को इस मौके पर पुस्तकालय परिवार की ओर से मेडल के साथ विभिन्न तरह के उपहार से सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह का उदघाटन प्रोफेसर जेपी शर्मा, बिहार प्रशासनिक सेवा में परचम लहराकर डीएसपी पद को सुशोभित करने वाली पिंकी कुमारी एवं गांधी स्मृति सेवा समिति के सचिव संजय कुमार सिंह ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया। बच्चियों ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मौजे लाल सिंह ने की जबकि संचालन मंजेश कुमार के द्वारा किया गया । मुख्य अतिथि प्रोफेसर जेपी शर्मा ने आजादी की लड़ाई में पुस्तकालय एवं बजलपुर गांव की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि पुस्तकालय ज्ञान का स्तंभ है , संस्कृति का भंडार और विकास का साधन है। यह एक ऐसा समृद्ध झरना है जो शिक्षा एवं संस्कृति के विस्तृत क्षेत्र का सिंचन करता है। चयनित डीएसपी पिंकी कुमारी ने छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि छात्रों की प्रतिभा को सामने लाने की जरूरत है इस क्षेत्र में पुस्तकालय से की जा रही पहल काबिले तारीफ है। इसके लिए यह जरूरी है कि बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन दिया जाए अभिभावकों एवं शिक्षकों को अपनी यह भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में रखी अच्छी पुस्तकें मार्गदर्शन का काम करती है। गांधी स्मृति मंच के संयोजक संजय सिंह ने छात्र-छात्राओं को आगे कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए पुस्तक को अपना हथियार बनाने एवं बिना थके बिना रुके आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि पुस्तकालय संचालन का उद्देश्य छात्रों का कल्याण होना चाहिए शिक्षा के स्तर और गुणवत्ता में सुधार ही इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। इस मौके पर कवि राम बहादुर सिंह ने अपने ग्राम के स्वतंत्रता सेनानी द्वारा रचित ग्राम की चौहद्दी, एवं अन्य रचनाओं से लोगों का उत्साहवर्धन किया। धन्यवाद ज्ञापन सत्येंद्र सिंह सुधांशु ने किया। मौके पर पुस्तकालय के सचिव महेश प्रसाद सिंह, तेघड़ा नगर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि कन्हैया कुमार भारद्वाज, सोनू कुमार, अविनाश कुमार शिलू, वीरेंद्र कुमार सिंह, शिक्षक हरदेव महतो, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी पद से सेवानिवृत राम लगन ठाकुर, सहित भारी संख्या में शिक्षाविद, ग्रामीण व छात्र-छात्राएं सम्मान समारोह में शामिल हुए।







