आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका ने ब्लॉक के मुख्य गेट में लगाया ताला
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक कार्यालय के मुख्य गेट में लगाया ताला।बिहार राज्य आंगनवाड़ी सेविका सहायिका संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर सरकार की वादा खिलाफी एवं विभिन्न मांगों के समर्थन में आंगनवाड़ी सेविका व सहायिका का मंगलवार को 12वें दिन भी अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहा।धरना प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मदन सहनी और तेजस्वी यादव मुर्दावाद आदि के नारे लगाए।प्रखण्ड अध्यक्ष मीना कुमारी ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह आंदोलन सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में एवं सेविका सहायिका के विभिन्न मांगों के समर्थन में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चुनावी वादे के अनुसार बिहार सरकार फेल है। अन्य राज्यों की तुलना में बिहार में भी सेविका सहायिका को सम्मानजनक मानदेय मिलना चाहिए।सरकार ने आंगनबाड़ी सेविका -व सहायिका पर कार्यों का बोझ बढ़ा दिया है।इस कमरतोड़ महंगाई में वादाखिलाफी कर सरकार सेविका सहायिका के साथ अन्याय कर रही है।उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा,ग्रेड सी एवं ग्रेड डी में समायोजन,सेविकाओं को 25000 एवं सहायिकाओं को 18000 प्रति माह मानदेय,प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना का लाभ, अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का भुगतान और प्रोन्नति की व्यवस्था जब तक सरकार नहीं करेगी तब तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान सभी आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका ने प्रखंड कार्यालय के मुख्य गेट में तालाबंदी कर सरकार के प्रति विरोध जताया।मौके पर सचिव मीना देवी, कोषाध्यक्ष बबीता कुमारी, सेविका निर्मला कुमारी, भवानी कुमारी,शोभा कुमारी,मधुरानी कुमारी, पूनम कुमारी,राज कुमारी, कोमल कुमारी आदि ने भी सभा को संबोधित किया। इस दौरान क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका धरना स्थल पर मौजूद थे।






