बिहार के बेगूसराय जिलें के तेघड़ा बाजार में सड़कों पर ही लग रही सब्जी बाजार, जाम से आम लोग परेशान
तेघड़ा नगर परिषद क्षेत्र बाजार के प्रमुख मुख्य रोड प्रत्येक दिन दोपहर बाद सब्जी व फल बाजार में तब्दील हो जाता है। नगर प्रशासन इसके पुनर्वास को लेकर आज तक गंभीर नहीं हुआ है। इसके लिए घोषणाएं तो बहुत हुई लेकिन अब तक निदान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया है। जिसको लेकर स्थानीय लोगों, आम नागरिकों को एवं राहगीरों को बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल सा प्रतीत होता है।
इस मार्ग से अनुमंडलीय मुख्यालय, प्रखंड मुख्यालय, व्यवहार न्यायालय, निबंधन कार्यालय, अनुमंडलीय अस्पताल, विभिन्न विद्यालय, रेलवे स्टेशन, डाकघर, बैंक एवं अन्य दफ्तरों तथा विभिन्न कार्यों के लिए आने - जाने बाले पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आम लोगों को जाम का स्वाद चखना पड़ता है। जिसका नतीजा समय पर अपने गंतव्य स्थल पर पहुंचना काफी मुश्किल होता है। बाजार के स्टेशन रोड, हिंद मेडिकल चौक, सेंट्रल बैंक के सामने,मेन मंडप चौक, पश्चिमी मार्केट सहित विभिन्न स्थानों पर प्रत्येक दिन सड़क पर बैठकर सब्जी बेचने वालों एवं ठेला सहित फुटपाथी विभिन्न तरह की दुकानदारों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। आश्चर्यचकित तो तब होना पड़ता है जब फल और सब्जी से लदा ठेला चालक के रूप में ज्यादातर 10 से 15 वर्ष के किशोर जगह-जगह ठेला चलाते नजर आते है। जिससे सरकार की बाल मजदूरी उन्मूलन अधिनियम की भी सरे आम धज्जियां उड़ाई जाती है। और इस अव्यवस्थित व्यवस्था को व्यवस्थित रूप देने में नगर प्रशासन विफल साबित हो रही है । तेघड़ा नगर परिषद क्षेत्र में इतनी बड़ी तादाद में गैरमजरूआ आम सरकारी जमींन है। अगर नगर प्रशासन व नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि इस दिशा में थोड़ी सी सक्रियता दिखा दे तो इस तरह के विभिन्न सब्जियों, फलों, ठेला नुमा दुकान ,फुटपाथ वाली सभी दुकानों सहित टेंपो स्टैंड एवं पार्किंग की व्यवस्था आसानी से की जा सकती है। जिससे बाजार को जाम से निजात मिलने के साथ ही बाजार से संबंधित सभी नियमावली खुद सुदृढ़ हो जाएगी।






