तेघड़ा अनुमंडल डीलर एसोसिएशन की बैठक आयोजित
तेघड़ा, (बेगूसराय) : तेघड़ा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत बछवारा प्रखंड के आलमपुर ठाकुरबारी में बुधवार को तेघड़ा अनुमंडल डीलर्स एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता संघ के प्रखंड अध्यक्ष मधुसूदन पासवान ने की। जिला संगठन मंत्री सुनील प्रसाद सिंह ने कहा कि पूर्व से अद्यतन लंबित रखे गए कमीशन का शीघ्र भुगतान नहीं किया जाता है तो जनवरी 2022 का खाद्यान्न उठाव बंद किया जाएगा।
जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन पासवान ने कहा कि फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन एसडीएम एवं डीएम को सितंबर 2021 से लंबित कमीशन के भुगतान का लिखित रूप से मांग रखेगी। अति शीघ्र लंबित कमीशन का भुगतान नहीं होने पर जनवरी 2023 का खाद्यान्न वितरण बंद कर दिया जाएगा।भगवानपुर प्रखंड के डीलर शिर्मल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार वोट के खातिर साजिश रच कर एनएफएसए योजना को बंद करना चाह रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजना कभी सफल नहीं होने दी जाएगी। डीलर्स एसोसिएशन हाई कोर्ट व सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। इस अवसर पर तेघड़ा प्रखंड सचिव चंद्र किशोर सिंह ने कहा कि डीलरों को डीएसडी ठेकेदार के द्वारा प्रति क्विंटल 5 से 7 किलोग्राम खाद्यान्न कम दिया जाता है। डीलर अपने दुकान पर वजन करा नेट वजन प्राप्त करें। कहा डीलरो का सितंबर 2021 से कमीशन लंबित रखा गया है। जिससे डीलरों के समक्ष भुखमरी की नौबत उत्पन्न हो गई है। भगवानपुर प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद राय ने कहा कि डीलरो के समक्ष अपने हक की लड़ाई के लिए उच्च न्यायालय में संग बहुत जल्दी ही मामला दायर करेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से डीलरो के हित में उच्च न्यायालय पटना में एक सप्ताह के अंदर मामला दायर करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम को जिला सचिव राम सागर चौधरी, भगवानपुर प्रखंड सचिव शंभू प्रसाद राय, मंसूरचक के विद्यासागर पासवान, तेघड़ा प्रखंड कोषाध्यक्ष रामप्रकाश मोची, जिला मंत्री शंभूनाथ चौधरी आदि ने भी संबोधित किया।




