बरौनी डेयरी प्रबंधन के विरुद्ध केंद्रीय मंत्री की तरफ से जारी हुआ शिकायती पत्र फर्जी निकला केंद्रीय मंत्री द्वारा पत्र जारी कर की गई संपुष्टि।
बरौनी/बेगूसराय/संवाददाता-महंत रामजीवन दास।
देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. बरौनी डेयरी के प्रबंधन के विरुद्ध माननीय केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की तरफ से माननीय मंत्री, डेयरी विभाग ,बिहार को संबोधित एक फर्जी शिकायती पत्र जारी होने की बात संज्ञान में आयी है।प्रथम दृष्टया इस्तेमाल लेटर पैड फर्जी प्रतीत हुआ जिसमें तरह तरह के भ्रामक, अनर्गल एवं निराधार आरोप लगाकर प्रबंधन को बदनाम करने की कोशिश की गई है। इसके सत्यता की पुष्टि के लिए माननीय सचिव डेयरी एवं पशुपालन ,बिहार द्वारा जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें जारी पत्र फर्जी होने की पुष्टि हुई ।
माननीय केंद्रीय मंत्री , पंचायती राज,डेयरी एवं पशुपालन , भारत सरकार ,श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह जी द्वारा उक्त जारी पत्र को जाली होने की पुष्टि करते हुए , प्राथमिकी दर्ज कराकर दोषी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।संघ द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गयी है.।
फर्जी शिकायती पत्र में उल्लेखित बिन्दुओं का बरौनी डेयरी के प्रबंध निदेशक श्री रविन्द्र कुमार द्वारा सिरे से खंडन किया गया। श्री कुमार ने बताया संघ के सभी कार्यों/गतिविधियों को पूरी पारदर्शिता एवं नियमानुकूल संपादित कराने के लिए प्रबंधन दृढ़ संकल्पित है। कुछ स्वार्थी तत्व जिनका निजी हित पूरा नहीं हो रहा है, वे प्रबंधन को तरह तरह से बदनाम करने की कोशिश में लगे रहते हैं, किंतु हम ऐसे लोगों से डर कर अपने कर्तव्यों से पीछे हटने वाले नहीं हैं । दुग्ध संघ बरौनी के सम्मानित पशुपालकों , देवतुल्य उपभोक्ताओं और सभी हितधारकों के हितों की रक्षा करते हुए डेयरी के समग्र विकास के लिए हम सतत प्रयत्नशील हैं और आगे भी रहेंगे।







