पटोरी के लोक अदालत में 175 मामलों का हुआ निष्पादन, 43.26 लाख रुपये से अधिक की राशि पर समझौता।
शाहपुर पटोरी संवाददाता उदय कुमार की रिपोर्ट |
स्थानीय अनुमंडलीय न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित एवं आपसी समझौते के आधार पर निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। लोक अदालत के दौरान दोनों पीठों में कुल 175 मामलों का निष्पादन किया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बेंच-1 की अध्यक्षता एसीजेएम-सह-सब जज अखिलेश प्रताप सिंह ने की। इस पीठ में कुल 29 आपराधिक मामलों का निष्पादन हुआ, जबकि सिविल एवं बैंकिंग मामलों में निष्पादन शून्य रहा। वही बेंच-2 में एसडीजेएम रोहित के समक्ष 19 आपराधिक तथा 127 बैंकिंग मामलों, यानी कुल 146 मामलों का निष्पादन किया गया। बैंकिंग मामलों में 43,26,785 रुपये की समझौता राशि निर्धारित हुई, जबकि मौके पर 29,01,165 रुपये की वास्तविक वसूली दर्ज की गई। इस प्रकार शाहपुर पटोरी में आयोजित लोक अदालत में कुल 48 आपराधिक और 127 बैंकिंग मामलों का निष्पादन हुआ। सिविल मामलों का निष्पादन नहीं हुआ। लोक अदालत के माध्यम से मामलों के निपटारे से संबंधित पक्षकारों को त्वरित न्याय एवं विवादों के आपसी समाधान का अवसर मिला। उक्त अदालत का उद्घाटन एसीजेएम सह सब-जज अपर मुख्य न्यायिक पदाधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह, अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी रोहित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बीके मेधावी एवं एपीओ सुस्मित कुमार ने संयुक्त रूप से किया | मौके पर अधिवक्ता संघ अध्यक्ष सदानंद राय, महासचिव राम विनय कुमार, सरकारी अधिवक्ता डॉ. जयनाथ ठाकुर, अधिवक्ता नवल किशोर सिंह, मुरली मनोहर, सरोज मुखर्जी, सन्नी कुमार एवं वर्षा कुमारी, न्यायालयकर्मी मनीष कुमार, राकेश कुमार, चंचल कुमार एवं विकास कुमार आदि मौजूद थे|






