तेघड़ा अनुमंडल परिसर में 60 फीट ऊचे तिरंगे का ध्वजारोहण बच्चों को प्रोत्साहित करने हेतु हुआ सांस्कृतिक ।
तेघड़ा अनुमंडल परिसर में सोमवार को इतिहास रचते हुए अनुमंडल कार्यालय परिसर में पहली बार 60 फीट ऊचे तिरंगे का ध्वजारोहण किया गया। यह पहला अवसर है जब अनुमंडल स्तर पर इस प्रकार का भव्य मंच और राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया गया है। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने देशभक्ति गीत, भाषण और नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गयातथा सभी बच्चों को कापी और कलम देकर प्रोत्साहित किया गया। विशेष पहल के तहत एसडीओ एवं एसडीपीओ ने सफाईकर्मियों से हाथ मिलाकर उन्हें भी सम्मानित किया। इस कदम ने समाज के हर वर्ग की भागीदारी और योगदान की अहमियत को रेखांकित किया। अनुमंडल पदाधिकारी का कहना है कि सरकारी विद्यालयों के बच्चों को सदैव राष्टीय व सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ाजाता है, ताकि उनमें आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हो सके। उन्होंने कहा कि 60 फीट ऊचा तिरंगा आने वाले दिनों में तेघड़ा अनुमंडल की पहचान बनेगा। कार्यक्रम में निर्वाचन कार्यालय के एमामूल हक, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया गया।


