लोजपा (रामविलास) की बस से मुंगेर पहुंचे कार्यकर्ता हुए नाराज़, भोजन-पानी की व्यवस्था नहीं होने पर जताया आक्रोश
नीमा और परना से भेजी गई बसों में सवार लोगों का फूटा गुस्सा, पंचायत स्तरीय कार्यकर्ताओं से नोकझोंक, नेताओं ने नहीं उठाया फोन
बेगूसराय/मुंगेर। सच आज तक न्यूज़ संवाददाता सनी कुमार सहनी
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से आयोजित "नव संकल्प महासभा" में भाग लेने के लिए बेगूसराय जिले के नीमा और परना पंचायत से कार्यकर्ताओं को दो बसों के ज़रिए मुंगेर भेजा गया। इन बसों को पार्टी के जिला अध्यक्ष #प्रेम_पासवान#ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था और यह भरोसा दिलाया गया था कि कार्यकर्ताओं के लिए खाना-पानी की पूरी व्यवस्था बस में ही रहेगी।
लेकिन जब कार्यकर्ता मुंगेर के पोलो मैदान पहुंचे, तो वहाँ खाने-पीने की कोई व्यवस्था मौजूद नहीं थी। इससे नाराज़ लोगों ने भारी आक्रोश व्यक्त किया। कई कार्यकर्ताओं ने बताया कि सुबह से बिना कुछ खाए-पिए सफर करना पड़ा, और मैदान में पहुंचने के बाद भी कोई पूछने वाला नहीं था।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब लोगों ने पंचायत स्तरीय कार्यकर्ताओं से जवाब मांगना शुरू किया और गाली-गलौज की नौबत आ गई।
इतना ही नहीं, जब कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क करने की कोशिश की, तो किसी ने भी फोन उठाना तक मुनासिब नहीं समझा, जिससे लोगों की नाराज़गी और भी बढ़ गई।
इस लापरवाही पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि जो लोग पार्टी को गांव-गांव तक पहुंचाते हैं, अगर उन्हीं की उपेक्षा होगी तो जमीनी स्तर पर संगठन कमजोर हो जाएगा।
वरिष्ठ नेताओं से इस मामले में अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।


