फुलाइस के साथ शुरू हुई पूजा, नागपंचमी आज।
तेघड़ा नगर परिषद क्षेत्र के तेघड़ा बजलपुरा भगवती स्थान में सोमवार की संध्या आठ बजे से जागरण एवं मां भगवती के फुलाइस के साथ नागपंचमी पूजा शुरू हो गई। माता भगवती मंदिर के मुख्य पुजारी मनोज मिश्रा एवं मंगल बाबा ने बताया कि नाग पंचमी पर्व को लेकर सोमवार की संध्या से ही पूजा पाठ का कार्यक्रम शुरू होगा। संध्या आठ बजे से स्थानीय कीर्तन कलाकारों के द्वारा माता का मंगल गीत गाया जाएगा। इसके बाद माता का श्रृंगार कर रात्रि 11 बजे सरकारी पूजा शुरू होगी। इसके बाद फुलाइस कार्यक्रम शुरू होगा। फुलाइस के दौरान गांव की सैकड़ों महिलाएं मंदिर में मौजूद रहती हैं। मंगलवार की सुबह से नाग देवता पर दूध और लावा चढ़ाया जाएगा। माता को झांप चढ़ा कर लोग मन्नतें मांगते हैं। मंदिर के पुजारी ने बताया कि जो भी भक्त सच्चे मन से मन्नत मांगते हैं, उनकी मन्नत पूरी होती है। कोई भी भक्त यहां से खाली नहीं जाता है। नाग पंचमी को लेकर सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु दूध, लावा और झाप चढ़ाने के लिए पहुंचते हैं। माता विषहरी का विशेष महत्व है।



