रक्तवीरों ने रक्तदान कर मानवता की ओर एक कदम बढ़ाया।
बीहट । सच आज तक न्यूज़ संवाददाता यदुनंदन कुमार।
बरौनी प्रखंड के मां भगवती धर्मशाला, सिमरिया में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। जहां सिमरिया के 28 रक्तवीरों ने रक्तदान देकर मानवता की ओर एक कदम बढ़ाया। वहीं, वत्स सेवा समिति की टैगलाइन रक्तदान करें जीवन बचाने के लिए को चरितार्थ किया। इस अवसर पर शिविर के स्थानीय आयोजनकर्ता दिनकर पुस्तकालय के संयुक्त सचिव कृष्ण मुरारी ने बताया कि सिमरियावासियों ने इस बार रक्तदान करने में कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने बताया कि रक्तदान करने से आपात स्थिति में जरूरतमंदों को रक्त की आपूर्ति करने में सुविधा होती है। वहीं वत्स सेवा समिति के कोषाध्यक्ष चंदन कुमार अपने जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान किया और बताया कि आज सिमरिया में रक्तदान करते हुए हमें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि नियमित रूप से रक्तदान करने से रक्त में आयरन की अतिरिक्त मात्रा नियंत्रित होती है। जिससे दिल की सेहत में सुधार और दिल की बीमारियों से बचाव होता है। इस शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त इकट्ठा हुआ। जिसमें सृष्टि रक्त केंद्र, बेगूसराय के निदेशक नवीन कुमार, टेक्नीशियन रंजन कुमार, रोहन कुमार व नरेश कुमार ने सहयोग किया। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में दिनकर पुस्तकालय के कोषाध्यक्ष मनीष कुमार, कृष्णा कुमार, राहुल कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



