शुक्रवार को यमुना भगत स्टेडियम में फुटबॉल मैच देखेंगे सीएम, फिर पिढ़ौली के महिला संवाद कार्यक्रम में होंगे शामिल,
प्रशासन चाक चौबंद व्यवस्था में लगे हुए हें। पहली बार पिढ़ौली गांव आ रहे सीएम
सच आज तक न्यूज़ संवाददाता/ अशोक कुमार ठाकुर की रिपोर्ट
तेघड़ा ,बेगूसराय
बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार आज 9 मई शुक्रवार को बेगूसराय दौरे पर रहेंगे। तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत खेल गांव बरौनी और पिढ़ौली में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रम में होंगे शामिल। तेघड़ा प्रखंड के ग्राउंड में बनाए गए हेलीपैड पर दोपहर 3:30 बजे उनका आगमन होगा। यहां से सड़क मार्ग से यमुना भगत स्टेडियम खेलगांव बरौनी पहुंचेंगें। वहां स्टेडियम निरीक्षण करने के बाद फुटबॉल खिलाड़ियों से संवाद करेंगें। आंध्र प्रदेश और हरियाणा टीम के बीच होने वाले खेल को भी देखेंगे।
*महिला जन संवाद में कार्यक्रम में होंगे शामिल*
25 मिनट यमुना भगत स्टेडियम में रहने के बाद माननीय मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पिढ़ौली के लिए रवाना हो जाएंगे। मध्य विद्यालय पिढ़ौली के सामने बने पंडाल में डॉ आंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत अनुसूचित जाति के लोगों के लिए आयोजित विकास विशेष शिविर में शामिल होंगे।
जहां लाभुकों के बीच सरकारी योजना अनुदान राशि, चिकित्सा प्रमाण-पत्र ,पत्र आयुष्मान कार्ड ,प्रोत्साहन राशि ,सहायक उपकरण और राशन कार्ड आदि का वितरण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले भर की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। वही निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण करने के बाद महिला संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।पिढ़ौली में मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट तक रुकेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से तेघड़ा से पहुंचेंगे। शाम 5:00 बजे हेलीकॉप्टर से पटना के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। सीएम के दौरे को लेकर 93 जगहों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। पिढ़ौली गांव में पहली बार सीएम आ रहे हैं। ग्रामीणों के बीच खुशी का माहौल है।
पंचायत के के मुखिया अनुराग प्रताप सन्नी ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर समग्र विकास योजना के तहत एससी-एसटी लोगों के लिए क्या-क्या योजना चलाई जा रही है, इसका निष्पादन हुआ है या नहीं, यह मुख्यमंत्री अपने स्तर से देखेंगे। जिले के विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण एवं जीविका दीदी के साथ महिला संवाद करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री स्टॉल का भी निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने बताया कि हम सबों के लिए सौभाग्य की बात है कि सरकार हमारे गांव आ रहे हें। इसके लिए हम बेगूसराय के डीएम एवं अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा का आभार जताते हें। हम मुख्यमंत्री के स्वागत में पलकें बिछाए हुए हैं, जितना हो सकेगा स्वागत करेंगे। सरकार से मांग करेंगे कि लंबे समय से यहां हाई स्कूल के लिए दान दी गई जमीन पर सरकार जीएनएम कॉलेज का निर्माण कराऐ।





