ई रिक्शा एवं टेंपो चालकों से रंगदारी टैक्स वसूल रहा है बीहट नगर प्रशासन : विधायक
नाजायज बैरियर शुल्क वसूली के खिलाफ़ फूटा चालकों का गुस्सा, प्रदर्शन
बंदोबस्ती की आड़ में गरीब छोटे वाहन चालकों का शोषण नहीं करेंगे बर्दाश्त : एटक
बरौनी ।यदुनंदन जी।
बीहट नगर परिषद के द्वारा जीरोमाइल में ई रिक्शा तथा टेंपो सहित सभी वाणिज्यिक वाहनों से नगर प्रशासन रंगदारी टैक्स वसूल रहा है,इसपर अविलंब रोक नहीं लगाया गया तो लोगों का गुस्सा बेकाबू हो जाएगा और स्थानीय कार्यपालक पदाधिकारी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।ये बातें तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह ने सैकड़ों ऑटो ई रिक्शा चालकों के नेतृत्व में किए जा रहे नगर परिषद कार्यालय घेराव कार्यक्रम के मौके पर कही।उन्होंने कहा यहां कोई वाहन पड़ाव नहीं है इसलिए ये बंदोबस्ती का फैसला ही हिटलरशाही फैसला है।नगर प्रशासन अविलंब इस लूट पर रोक लगाए नहीं तो आम जनता के हित में हम आर पार के संघर्ष के लिए तैयार हैं।विदित हो कि नगर परिषद द्वारा छोटे वाहन पड़ाव का बंदोबस्ती पिछले 13 मई को किया गया है और आज से नगर प्रशासन के तय शुल्क के कई गुना अधिक बैरियर विभिन्न वाहनों से वसूला जा रहा है।इसके विरोध में सैकड़ों ऑटो और ई रिक्शा चालकों ने एटक के जिला महासचिव प्रहलाद सिंह की अध्यक्षता में मध्य विद्यालय बीहट में एक बैठक किया।बैठक में नगर प्रशासन के खिलाफ़ आक्रोश जताया गया व आंदोलन की रणनीति बनाई गई।बैठक के उपरांत सैकड़ों छोटे वाहन का मार्च नगर परिषद कार्यालय का घेराव करने पहुंच गया।एटक महासचिव प्रह्लाद सिंह ने कहा बंदोबस्ती की आड़ में छोटे वाहन चालकों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा तय शुल्क से ज्यादा की उगाही करना अपराध है और इस अपराध में शामिल सभी लोगों पर अविलंब एफआईआर दर्ज करने के साथ बंदोबस्ती रद्द करने की कार्रवाई की जानी चाहिए।नगर कार्यालय घेराव के दौरान आंदोलनकारी चालकों का एक प्रतिनिधिमंडल कार्यपालक पदाधिकारी से मिला और अपनी बातों से उन्हें अवगत कराया।प्रतिनिधिमंडल में शामिल तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह,प्रह्लाद सिंह,छात्र नेता राकेश कुमार,युवा नेता रामकृष्ण आदि ने कार्यपालक पदाधिकारी से अविलंब इस सुनियोजित लूट को बंद कराने का अपील किया और मांगों को नहीं मानने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि तय शुल्क से ज्यादा बैरियर उगाही करने पर बंदोबस्ती रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।छात्र नेता राकेश कुमार ने कहा बीहट नगर परिषद के द्वारा छोटे वाहन से बैरियर लेने का टेंडर निकाला गया था जबकि आज पहले दिन से ही ट्रैक्टर,पिकअप,बस,मिनी बस से भी जबरन 100 से 150 रुपया प्रति ट्रिप वसूली किया जा रहा है।टेंपो वाले से प्रति ट्रिप 50 रुपया वसूला जा रहा है जबकि नगर प्रशासन ने इसके लिए अधिकतम 20 रुपया का शुल्क वसूलने का आदेश दिया है।ई रिक्शा से सलाना 1200 रुपए लेकर पास निर्गत करने का आदेश था परंतु ई रिक्शा से भी प्रति ट्रिप 30 रुपया वसूला जा रहा है।इसपर अविलंब रोक नहीं लगाया गया तो हम सड़क से न्यायालय तक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित शुल्क ही देने की अपील किया उन्होंने कहा अधिक शुल्क वसूली करने वालों के खिलाफ वो कार्रवाई की मांग करते हैं।
जीरोमाइल में आज से शुरू हुए बैरियर वसूली के खिलाफ सैकड़ों ऑटो और ई रिक्शा चालक हड़ताल पे चले गए हैं।वो अपना वाहन सड़क पर ही खड़ा कर विरोध जता रहे हैं।इस मौके पर कुंदन सिंह,संतोष कुमार,नीरज महतो,अरुण सिंह,गौतम झा,राजेश कुमार,रोहित महतो,मोहम्मद शकील,सनोज सहित बड़ी संख्या में छोटा वाहन चालक मौजूद थे।



