तेघड़ा में डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान को लेकर हुई समीक्षा बैठक — 19 अप्रैल को होगा विशेष विकास शिविर का आयोजन
सच आज तक न्यूज़ संवाददाता अशोक कुमार ठाकुर की खास रिपोर्ट
अनुसूचित जाति एवं जनजातीय समुदायों के समावेशी विकास को लेकर तेघड़ा अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इसी कड़ी में आज अनुमंडल कार्यालय, तेघड़ा में *डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक* का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा राकेश कुमार ने की। जिसमें भूमि सुधार उप समाहर्ता, चंदन कुमार,प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार, तेघड़ा नगर कार्यपालक पदाधिकारी किशोर कुणाल, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शिशिर कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य 19 अप्रैल को अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न अनुसूचित जाति एवं जनजातीय टोलों में आयोजित होने वाले विशेष विकास शिविरों की कार्ययोजना को अंतिम रूप देना था। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि “यह महज एक शिविर नहीं, बल्कि सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है — एक ऐसा अभियान जिसमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना ही सर्वोच्च प्राथमिकता है । बैठक में विभिन्न विभागों को उनके दायित्वों की स्पष्ट रूपरेखा सौंपी गई तथा यह निर्देश दिया गया कि शिविर में लाभुकों को योजनाओं से संबंधित सभी सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएं। खास जोर इस बात पर दिया गया कि शिविरों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता नहीं होनी चाहिए। डॉक्टर अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले इन शिविरों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड वितरण, आय/जाति/निवास प्रमाण पत्र, आवास योजना, छात्रवृत्ति, स्वरोजगार और कौशल विकास जैसे दर्जनों कल्याणकारी योजनाएं एक मंच पर उपलब्ध होंगी। बैठक के दौरान अधिकारियों ने अभियान को एक जनआंदोलन"का रूप देने की प्रतिबद्धता जताई। शिविरों के प्रचार-प्रसार और लाभुकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति भी तैयार की गई।






