शिक्षा के प्रति अभिरुचि जागृत करने का माध्यम है टीएम प्रदर्शनी मेला: विधायक तेघड़ा विधायक ने किया टीएलएम मेला का उद्घाटन
तेघड़ा/बेगूसराय
उत्तरी तेघड़ा के उच्च माध्यमिक विद्यालय सह संकुल संसाधन केंद्र पकठौल के प्रांगण में मंगलवार को टीएलएम प्रदर्शनी मेला का आयोजन किया गया। जिसमें संकुलाधीन विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा आकर्षक टीएलएम मॉडल को प्रदर्शित किया किया। टीएलएम मेला का उद्घाटन तेघड़ा विधायक राम रतन सिंह , प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार ,विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृष्ण देव पंडित एवं संकुल समन्वयक शशि भूषण प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से किया। मेला में पहुंचकर विधायक राम रतन सिंह एवं बीडीओ राकेश कुमार ने मेला में शिक्षकों द्वारा प्रदर्शित किया गया टीएलएम मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर विधायक राम रतन सिंह ने कहा कि शिक्षण अधिगम सामग्री के सहायता से सीखना सरल एवं सुगम हो जाता है। वहीं अध्यापक का शिक्षण भी प्रभावी हो जाता है। बीडीओ राकेश कुमार ने कहा कि शिक्षण अधिगम सहायक सामग्री सोच और खोज की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करती है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रधानाध्यापक सह संकुल संचालक कृष्णदेव पंडित ने कहा कि टीएलएम मेला के आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिक्षण अधिगम सामग्री का उपयोग करते हुए विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति अभिरुचि जागृत करने तथा शिक्षकों को प्रोत्साहित करना है। बेहतर मॉडल प्रदर्शित करने के क्षेत्र में उच्च माध्यमिक विद्यालय पकठौल के प्रधानाध्यापक के संदीप पंडित को प्रथम पुरस्कार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय किरतौल के प्रधानाध्यापक शशि भूषण प्रसाद सिंह को द्वितीय पुरस्कार एवं प्राथमिक विद्यालय मंसूरी टोला के शिक्षक सरवर आजाद को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा अन्य विद्यालय के शिक्षकों द्वारा दर्जनों मॉडल प्रदर्शित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन पूर्व मुखिया अर्जुन चौधरी ने किया









