कालाजार उन्मूलन मामले में बेगूसराय को मिला सम्मान।राज्यस्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने डीवीबीडीसीओ डॉ सुभाष रंजन झा को किया सम्मानित
सच आज तक न्यूज़ संवाददाता अशोक कुमार ठाकुर की खास रिपोर्ट
बेगूसराय जिले में कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिये जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ सुभाष रंजन झा को राज्यस्तर पर सम्मानित किया गया है। राज्य स्वास्थ्य समिति व स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी संस्थाओं की ओर से राजधानी पटना में आयोजित डोजियर प्रिपरेशन कार्यशाला में डीवीबीडीसीओ डॉ सुभाष रंजन झा को कालाजार उन्मूलन के क्षेत्र में उनकी अनुकरणीय प्रतिबद्धता व उत्कृष्ट प्रयासों के लिए स्वास्थ्य मंत्री बिहार सरकार मंगल पांडेय ने मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 तक कालाजार उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित है। मामले में बिहार के अन्य जिलों के साथ बेगूसराय ने 2022 में ही पूर्ण उन्मूलन संबंधी लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा। इसके बाद लगातार 03 सालों तक इस स्थिति को बरकरार रखने में भी बेगूसराय कामयाब रहा। कालाजार एलिमिनेशन फेज में प्रति 10 हजार आबादी पर कालाजार मरीजों की संख्या को 01 से कम करने का लक्ष्य था। मामले में बेगूसराय की उपलब्धि 0.1 के करीब है। वहीं एक समय जहां जिले के सभी 18 प्रखंड कालाजार प्रभावित अति संवेदनशील इलाकों की सूची में शामिल थे। वहीं फिलहाल जिले के लगभग सभी प्रखंड इससे बाहर आ चुके हें। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ एस आर झा ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उन्हें नहीं बल्कि उनकी पूरी टीम को मिला है। और यह सफलता सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। बेगूसराय में कालाजार उन्मूलन के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया गया और कालाजार के मरीजों को समय पर इलाज किया गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान में बेगूसराय जिला पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन का मार्गदर्शन मिलता रहा।



