बेगूसराय को प्रमंडल बनाने की मांग तेज: विभिन्न संगठनों ने संयुक्त रूप से निकाली पदयात्रा
सच आज तक न्यूज़ संवाददाता अशोक कुमार ठाकुर की खास रिपोर्ट
बेगूसराय को प्रमंडल बनाने की मांग अब आंदोलन का रूप ले चुका है। बेगूसराय को प्रमंडल बनाओ संघर्ष समिति की ओर से इस मांग को लेकर रविवार को बेगूसराय जिला मुख्यालय में पदयात्रा निकाली गई। जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठन, राजनीतिक दल के कार्यकर्ता ,जनप्रतिनिधि एवं बुद्धिजीवी सहित अन्य लोग शामिल हुए। जीडी कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा पटेल चौक, कर्पूरी स्थान चौक ,हीरालाल चौक ,नगर निगम चौक ,नगर थाना चौक ,कचहरी चौक होते हुए कैंटीन चौक पर आकर संपन्न हुआ। इस दौरान लोगों ने बेगूसराय को प्रमंडल बनाना होगा ,हमें अपना हक लेना होगा आदि नई भी लगाए।
*बेगूसराय बिहार की औद्योगिक राजधानी, इसलिए दावा मजबूत* पदयात्रा में शामिल लोगों का कहना था कि बेगूसराय बिहार की औद्योगिक राजधानी है। यह प्रमंडल बनने की सभी अर्हता को पूरी करता है। बेगूसराय और खगड़िया जिला को मिलाकर प्रमंडल बनाने से भारी संख्या में रोजगार का सृजन होगा। सभी विभागों के कार्यालय खुलेंगे, लोगों को अपने काम के लिए दूर दराज का चक्कर नहीं लगाना होगा। बिहार में कई ऐसे प्रमंडल हैं जो जनसंख्या के हिसाब से बेगूसराय से छोटे हैं। अब अपने हक के लिए बेगूसराय के लोग भी सड़क पर उतर आए हैं। अभी बेगूसराय-खगड़िया के लोगों को प्रमंडल कार्यालय कार्य के लिए दूर का चक्कर लगाना पड़ता है। इसलिए बेगूसराय अपना हक मांग रहा है, विधायकों ने इसको लेकर मुख्यमंत्री तक अपनी मांग पहुंचाई है। सभी लोग चाहते हैं कि बेगूसराय प्रमंडल बने। प्रमंडल बनाओ अभियान समिति की ओर से बेगूसराय एवं खगड़िया जिले के दोनों सांसद समेत सभी विधायक एवं विधान परिषद को शामिल करने का निमंत्रण दिया गया था। लोगों की ओर से सहमति जताने की भी बात कही गई थी। लेकिन पदयात्रा में बेगूसराय एवं खगड़िया जिला के मात्र एक विधायक राजकुमार सिंह एवं एमएलसी डॉक्टर उर्मिला ठाकुर ही पदयात्रा में शामिल हुई।


