प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार ने पंचायत विकास योजनाओं का किया निरीक्षण।
प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार ने प्रखंड के रात गांव और पीढौली पंचायत में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं एवं पूर्व में संचालित योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार ने दोनों पंचायत में विभिन्न योजनाओं का भौतिक जांच किया। बीडीओ ने बताया कि समग्र विकास व जन सुविधाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की स्थल जांच की गई। हर घर नल का जल, घर तक पक्की गली नाली, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा समेत सरकार द्वारा संचालित अन्य कई योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सरकारी स्कूलों, जविप्र की दुकानों, स्वास्थ्य केंद्रों, ग्रामीण सड़क के निर्माण व अन्य कई जन कल्याणकारी योजनाओं की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान जहां भी शिकायत पाई गई संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर एक सप्ताह के अंदर दुरुस्त करने का निर्देश दिया। वहीं सैकड़ो लोगों से मिले और फीडबैक लिए। निरीक्षण के दौरान जन आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए लोगों के सुझाव व समस्याओं को चिन्हित करते हुए निदान हेतु हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। पंचायत के नित्यानंद सिंह, कारी चौधरी, विपिन चौधरी, राम पुनीत आदि लोगों ने नल जल के तहत कुछ समस्याएं , राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, आवास योजना में वंचित लोगों का नाम ऐड करने, वंचित लोगों को शौचालय मुहैया कराने, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में परेशानी, अंचल कार्यालय में भूमि से संबंधित कार्यों का निपटारा में देरी आदि समस्याओं से अवगत कराया जिस पर उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारी से बात कर त्वरित निदान हेतु निर्देश दिए। मौके पर मुखिया अनुराग प्रताप सन्नी, पंचायत सचिव महेंद्र पासवान,कार्यपालक सहायक चंदन कुमार, रोजगार सेवक रामभरोस कुमार, पंचायत स्वच्छता पर्यवेक्षक हरवंश कुमार सिंह के अलावे अन्य जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद थे



