हत्या के आरोपी को उतारा मौत के घाट तेघड़ा में बदमाशों ने बाइक सवार युवक को रोककर दो गोली मारी
28 वर्षीय गोपाल कुमार गोलू के रूप में गुई है। उसकी हत्या बदमाशों ने गोली मार कर दी।
तेघड़ा/बेगूसराय
बिहार के बेगूसराय में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की शुक्रवार को हत्या कर दी। घटना जिले के तेघड़ा थाना इलाके की है। मृतक की पहचान तेघड़ा नगर परिषद क्षेत्र के बजलपुरा निवासी लगभग 28 वर्षीय गोपाल कुमार गोलू के रूप में गुई है। उसकी हत्या बदमाशों ने गोली मार कर दी। शुक्रवार की अहले सुबह गोपाल कुमार एक अपाची बाइक से घर की ओर जा रहा था। उसी समय गाड़ी रुकवा कर बदमाशों ने उसकी जान ले ली और फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर घटना के बाद आस पास के लोग मौके पर जुट गए। गोपाल कुमार को आनन फानन में तेघड़ा बाजार स्थित अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत बेगूसराय रेफर कर दिया गया। लेकिन बेगूसराय पहुंचने से पूर्व ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल में पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि उसे दो गोली लगी थी। पेट में और छाती में गोली मारी गई थी। डॉक्टर से मिली जानकारी के मुताबिक गोपाल को हथियार सटाकर गोली मारी गयी। घटना के संबंध में जानकारी मिलने के बाद तेघड़ा पुलिस संदिग्ध लोगों की पहचान और छापेमारी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अमलेश कुमार ने बताया कि बजलपुरा में ही एक अन्य बाइक पर तीन बदमाश सवार थे। युवक गोपाल को इशारा देकर रोका और दो गोली मारी। संदिग्ध बदमाशों की पहचान की जा रही है।बताया जाता है तीनों बदमाशों ने अपना चेहरा गमछा से ढ़क कर रखा था। पुलिस इलाके में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का वीडियो खंगाल रही है। मृतक के साथ उसका फुफेरा भाई भी था। जानकारी मिली है कि मृत युवक का भी आपराधिक इतिहास था। मृतक गोपाल उर्फ गोलू पर 7 अक्टूबर 2021 को तेघड़ा थाना में पोस्टेड होमगार्ड के जवान अशोक यादव की हत्या का भी आरोप था। इस मामले में 11 अक्टूबर 2021 को गोलू एवं उसके एक सहयोगी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था। और पिछले साल ही यह जेल से बाहर आया था। उसकी दादी का निधन हो गया आज श्राद्ध कर्म होना था। वहीं एसपी मनीष कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ रविंद्र मोहन प्रसाद के नेतृत्व में टीम गठित किया। टीम के द्वारा बदमाशों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। डीएसपी डॉक्टर रविंद्र मोहन प्रसाद ने बताया कि फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल कर रही है उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द बदमाशों की पहचान करके उन्हें दबोच लिया जाएगा।




