तेघड़ा-अतरूआ पथ के चौड़ीकरण की माँग
तेघड़ा से आर एम न्यूज़ मीडिया संवाददाता अशोक कुमार ठाकुर की खास रिपोर्ट
तेघड़ा ( बेगूसराय )
तेघड़ा-अतरूआ पथ के चौड़ीकरण की माँग जोर पकड़ रही है। शुक्रवार को आयोजित तेघड़ा विकास संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक में लोगों ने इस सड़क की चौड़ीकरण की माँग को लेकर आंदोलन का निर्णय लिया। बैठक की अध्यक्षता तारकेश्वर प्रसाद सिंह ने की। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि श्रीकृष्ण चौक एनएच 28 तेघड़ा से अतरूआ की ओर जाने वाली सड़क काफी व्यस्ततम सड़क है। इस सड़क के कम चौड़ा होने का खमियाजा प्रतिदिन हजारों छोटे बड़े वाहन चालकों एवं पैदल चलने वाले राहगीरों को भुगतना पड़ता है। स्थिति यह है कि दो वाहनों का आमने सामने से गुजरना जोखिम भरा काम होता है। कई बार तो लोग दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। संरक्षक मंडल सदस्य पूर्व शिक्षक रामकिंकर सिंह ने कहा कि जनहित में इस सड़क को चौड़ा करना बहुत जरूरी है। समिति के सचिव पवन ठाकुर, कार्यकारी सचिव अशोक कुमार ठाकुर, संरक्षक मंडल सदस्य सुनील कुँवर, सच्चिदानंद पाठक आदि ने कहा कि इस सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो इसके लिये हम व्यापक स्तर पर आंदोलन करेंगे।


