बेगुसराय जिला के सदर प्रखंड के बेगुसराय नगर निगम के बाघा सामुदायिक भवन के प्रांगण में जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती समारोह आयोजित किया गया।
जिसकी अध्यक्षता बेगुसराय जिला परिषद के उपाध्यक्ष नंद लाल राय ने किया तथा मंच संचालन लाखों पंचायत के मुखिया महेश राय ने किया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पूर्व विधान पार्षद प्रोफेसर राम बदन राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि पटना विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शिव यतन ठाकुर, विशिष्ट अतिथि बिहार विधान पार्षद प्रोफेसर राम वली सिंह, मुख्य वक्ता वैश्य दलित पिछड़ा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा० राजकुमार आजाद ने संबोधित करते हुए कहा कि सामंतवादियो और मनुवादियों ने वैश्य दलित पिछड़ा समाज के लोगों को कुर्सी और खटिया पर बैठने नहीं दिया।
कर्पूरी ठाकुर ने आरक्षण देकर वैश्यों दलितों और पिछड़ों को खोया सम्मान वापस दिलाया। वैश्य दलित पिछड़ा समाज ने लालू यादव और नीतीश कुमार को अपना नेता चुना और तीस वर्षों से मुख्यमंत्री बनाकर रखा लेकिन लालू नीतीश ने उसी सामंतवादी और मनुवादियों को विधायक, सांसद और मंत्री का सिंहासन देकर सम्मानित कर वैश्यों दलितों और पिछड़ों को फिर से अपमानित कर रहे हैं। डा० आजाद ने लालू नीतीश को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वैश्यों दलितों और पिछड़ों को विधायक, सांसद और मंत्री नहीं बनाया गया तो हमलोग आपसे नेता का पद छीन कर पुनः सड़क पर खडा कर देंगे। अन्य वक्ताओं में विजय पासवान, गणेश राम चन्द्रवंशी, मुखिया पवन सदा,पंसस रूबी राय आदि नेताओं ने कर्पूरी ठाकुर जी के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण किया तथा संबोधित किया। आयोजक मंडल ने सभी अतिथियों को पुष्पों की माला पहनाकर तथा अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में मुंगेर प्रमंडल के मुंगेर जिला, लखीसराय जिला, शेखपुरा जिला, खगड़िया जिला, बेगुसराय जिला तथा जमुई जिला के सभी प्रखंडों से हजारों लोग जोश खरोश के साथ आये।




