बसौना मोड़ हादसा: बेगूसराय में शिक्षिका पूनम देवी की दर्दनाक मौत, शिक्षा जगत में शोक की लहर।
सच आज तक न्यूज़ संवाददाता मंझौल (बेगूसराय),
25 जून बेगूसराय जिले के चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बसौना मोड़ पर बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मध्य विद्यालय सिउरी की शिक्षिका पूनम देवी की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। क्या हुआ हादसे में? मिली जानकारी के अनुसार, पूनम देवी (उम्र करीब 55 वर्ष), मेहदा शाहपुर पंचायत वार्ड संख्या 07 निवासी अजय सिंह की पत्नी थीं। बुधवार की संध्या वे विद्यालय से ड्यूटी समाप्त कर एक अन्य शिक्षक के साथ मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रही थीं। बसौना मोड़ के पास संतुलन बिगड़ने से वे मोटरसाइकिल से गिर गईं और सिर में गंभीर चोट लग गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही गई जान स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल लाया गया।.यहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेगूसराय सदर अस्पताल और फिर पटना रेफर किया गया। लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण पटना ले जाने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। शिक्षा समुदाय में शोक की लहर पूनम देवी की असामयिक मौत की खबर से पूरे बेगूसराय शिक्षक समाज में शोक छा गया है। बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष डॉ. मोहन कुमार, डॉ. चंदन कुमार, संजीव कुमार, ललन सहनी, तरुण भारती, इंद्रमणि कुमार, राजेश कुमार, मो. इफ्तेखार आलम सहित कई शिक्षकों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।


