सरस्वती पूजा में पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा डीजे:बीडीओ
आगामी गणतंत्र दिवस व सरस्वती पूजा को लेकर सोमवार को किसान भवन वीरपुर में शांति समिति की बैठक हुई।जिसकी अध्य्क्षता प्रखंड प्रमुख मीना देवी ने की।इस अवसर बीडीओ अरुण कुमार निराला ने कहा कि सरस्वती पूजनोत्सव 26 जनवरी को होना निर्धारित है।प्रशासनिक व पुलिस गाइडलाइन के अनुसार प्रतिमा का विसर्जन किया जाना है।साथ ही पूजा के दौरान व विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा।अश्लील व फूहर गीतों के बजाने पर रोक रहेगी।असामाजिक तत्वों की गतिविधि पर पुलिस व सामाजिक लोगों की पैनी नजर रहेगी।किसी भी तरह के विवाद के जिम्मेदार पूजा समिति के लोग होंगे।थानाध्यक्ष समरेंद्र कुमार ने कहा कि सार्वजनिक पूजा समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।इसके लिए थाना स्तर पर जरूरी कागजात के साथ 24 जनवरी तक आकर लाइसेंस प्राप्त कर सकते हैं ।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी डीजे संचालकों पर 107 की कार्रवाई की गई है।पूजा के दौरान,नाटक,बाल कलाकारों आदि के मंचन पर छूट रहेगी।बार -बालाओं को बुलाकर नृत्य पड़ोसने वाले पूजा समितियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पूजा पंडाल में टोका फांसाकर बिजली ऊर्जा का उपयोग नहीं करेंगे,किसी तरह की अनहोनी होने पर पूजा समिति पर कार्रवाई की जाएगी।मुखिया त्रिपुरारी कुमार ने कहा कि बरैपुरा के बसहा धाम में बसंत पंचमी पर आयोजित मेले में महिला व पुरूष बल की तैनाती करने की जरूरत है।जिस पर थानाध्यक्ष ने बताया कि उक्त स्थल पर पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाएगी।पंसस रीता कुमारी ने कहा कि पिछले साल मेले में चेन स्नेचिंग की घटनाएं घटी थी।इसको ध्यान में रखते हुए पुलिस गस्ती तेज करने की मांग की।मुखिया दीपक कुमार ने कहा कि मैट्रिक व इंटर की आहूत परीक्षा के मद्देनजर विसर्जन तिथि एक तय किया जाना चाहिए ।मौके पर बरौनी प्रखंड के उप प्रमुख रूपम कुमारी, वीआइपी के जिलाध्यक्ष जयजयराम सहनी,पूर्व जिला पार्षद सुल्ताना बेगम,पूर्व मुखिया राम प्रवेश सिंह,मुखिया नीरज प्रभाकर,मनोज चौधरी,सरपंच प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह,दयानंद झा,सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि व पूजा समिति के कार्यकर्ता उपस्थित थे।


















